फरार हत्यारोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, सीतापुर में सख्त कार्रवाई।

संवाददाता: आलोक सिंह
सीतापुर
सीतापुर के थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 11 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 82/2026 धारा 103(1) बीएनएस व 27/30 आयुध अधिनियम से संबंधित आरोपी शिवेश सिंह उर्फ मन्नू सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना तालगांव क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में कोतवाली नगर क्षेत्र में निवास कर रहा था।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर और दो अदद जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह की सतर्कता और कुशल नेतृत्व के चलते यह सफलता हासिल हुई, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक गीता सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार और अजीत सिंह शामिल रहे, जिनके सहयोग से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।




