बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत, 2027 की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान।

संवाददाता: आशीष सिंह
मड़ियाहूँ/जौनपुर
अपना दल (एस) जिला इकाई मछलीशहर की मासिक बैठक सोमवार को जिला कार्यालय मड़ियाहूँ में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता बदल तिवारी ने सेक्टर प्रभारियों का अभिवादन करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक बूथ तक प्रभावी पहुंच जरूरी है। उन्होंने सभी प्रभारियों से अपने क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि पप्पू माली ने कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह मेहनत जारी रही तो मड़ियाहूँ में जल्द ही बड़ा बूथ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में मड़ियाहूँ सीट पर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
मड़ियाहूँ विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर बूथों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है। प्रदेश सचिव सुनील पटेल ने गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की, जबकि जिला पंचायत सदस्य सुनीता पटेल ने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष लालबहादुर पटेल ने की। उन्होंने चारों विधानसभा अध्यक्षों से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके बाद किसान मंच और पंचायत मंच की नई कमेटियों की घोषणा की गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का विधायक एवं अतिथियों ने माला पहनाकर स्वागत किया।
बैठक का संचालन क्षेत्रीय महासचिव वाराणसी परिक्षेत्र राकेश पटेल ने किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




