जबलपुर को मिली नई सौगात, जिला अस्पताल विक्टोरिया में नव निर्मित एमआरआई केन्द्र का हुआ लोकार्पण।

संवाददाता: अनूप चतुर्वेदी
जबलपुर
लोक निर्माण मंत्री माननीय श्री राकेश सिंह जी एवं उत्तर-मध्य जबलपुर विधायक माननीय डॉ अभिलाष पाण्डेय जी ने फीता काटकर किया शुभारंभ
आज दिनांक 27 जुलाई 2026 से जरूरतमंद मरीजों को जिला अस्पताल विक्टोरिया में भी अब एमआरआई कराने की सुविधा मिलना प्रारंभ हो गयी है, ऐसा करने वाला जबलपुर जिला अस्पताल प्रदेश का चौथा जिला अस्पताल है जहां पर यह जनहितैषी एमआरआई सुविधा बहुत ही कम दामों में उपलब्ध होगी जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों को यह सुविधा निःशुल्क प्राप्त मिलेगी। आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को शासकीय सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय में भव्य गरिमामयी लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री माननीय श्री राकेश सिंह जी उपस्थित थे साथ ही कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर मध्य विधायक माननीय डॉ अभिलाष पाण्डेय ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर कैंट विधायक माननीय अशोक रोहाणी जी, बरगी विधायक माननीय श्री नीरज सिंह जी तथा नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकू विज जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया उसके उपरांत लोक निर्माण मंत्री मप्र शासन माननीय श्री राकेश सिंह जी एवं उत्तर मध्य विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने नवनिर्मित एमआरआई केंद्र पहुँचकर फीता काटकर शुभारंभ किया और आमजनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री माननीय श्री राकेश सिंह जी ने अपने भाषण में कहा कि जिला अस्पताल तक एमआरआई की सुविधा मिलना बहुत बड़ी बात होती है और यह सौगात जबलपुर को मिली है। इसके लिए यह मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार मुख्यमंत्री माननीय डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में निरंतर ही एक पर एक नई सौगातें आमजन को दे रही है। आज से जरूरतमंद लोगों को बहुत ही कम दामों पर एमआरआई की सुविधा प्राप्त होगी। जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह बिल्कुल निःशुल्क होगी। सेठ गोविंद राज्य चिकित्सालय शहर के हृदय स्थल में स्थित है इससे आसपास के चारों तरफ के रोगियों को इसका लाभ मिलेगा। यहां बहुत अच्छे डॉक्टर हैं जो अच्छी सेवाएं दे रहे हैं और स्टाफ भी अच्छा कार्य कर रहा है। मैं इसके लिए जबलपुर की जनता को शुभकामनाएं देता हूँ। वंही अपने अध्यक्षीय भाषण में माननीय विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय जी ने बताया कि लगभग 7.5 ₹ करोड़ की लागत से यह एमआरआई मशीन संस्था कृष्णा डायग्नोस्टिक्स की मदद से लगाई गई है, जो कि निश्चित रूप से जबलपुर के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में निरंतर उल्लेखनीय वृद्धि करती जा रही है जिससे कि आमजन को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों ताकि उन्हें सहूलियत मिले।
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने अपने स्वागतीय उद्बोधन में सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि जबलपुर जिला प्रदेश के उन चार प्रमुख महानगरों में शामिल हो गया है जहां जिला चिकित्सालय में एमआरआई की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रदेश शासन ने प्रथम चरण में चार प्रमुख महानगरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर का चयन किया है। जबलपुर की जनता के लिए निःसंदेह बड़ी सौगात होगी क्योंकि यहां कृष्णा डायग्नोस्टिक की तरफ से बहुत ही कम रियायती दरों में यह सेवा मिलेगी। सीजीएचएस से भी कम 33% सस्ती दरों में एमआरआई की सुविधा जनता को मिलेगी।
मंच पर संयुक्त कलेक्टर सृष्टि प्रजापति,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी, वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ रत्नेश कुरारिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विनीता उप्पल, डॉ जया श्रीवास्तव एवं डॉ नीता पाराशर, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह की उपस्थिति रही । कार्यक्रम के अंत में सीएमएचओ डॉ नवीन कोठारी ने सभी गणमान्य अतिथियों एवं उपस्थित जनसामान्य का कार्यक्रम में पधारने एवं सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन जिला मीडिया अधिकारी श्री अजय कुरील के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में चंद्रप्रकाश सिंह चीफ फाइनेंशियल कोऑर्डिनेट, श्री समीर कदम स्टेट हेड, श्री रतन सिंह रानावत स्टेट सीईओ, श्री विक्रम पटेल एमआरआई मैनेजर, जिला चिकित्सालय के चिकित्सकगण एवं स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।




