परिवार के साथ भमरौआ शिव मंदिर पहुंचे शहर विधायक, किया जलाभिषेक शहर विधायक बोले भगवान शिव की आराधना से फैलती है सकारात्मक ऊर्जा।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
सावन माह के तीसरे सोमवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने परिवार के साथ भमरौआ स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस पवित्र माह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव अपने भक्तों पर सदैव कृपा बरसाते हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना से सभी की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि महादेव की भक्ति हमें सेवा, त्याग, संयम और सद्भाव का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि सावन के दौरान देशभर से श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना करने के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। रामपुर में भी विभिन्न शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर जलाभिषेक कर रहे हैं। उन्होंने सभी शिवभक्तों से पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने तथा मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं, भमरौआ शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और दूध अर्पित किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार और समाज की सुख-शांति के साथ देश की समृद्धि की भी प्रार्थना की।




