समाधान दिवस में 55 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण।

संवाददाता: निलेश पटेल/दीपक शुक्ला
मड़ियाहूं/ जौनपुर
मड़ियाहूं जौनपुर तहसील परिसर में शनिवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 55 प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद मौके की जियोटैग फोटो अवश्य अपलोड की जाए, जिससे निस्तारण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतला सिंह, नायब तहसीलदार कृति, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग्ग, खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद तथा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




