रामेश्वर धाम में सावन मेला तैयारियों का निरीक्षण, रोहनिया विधायक ने सफाई, सड़क व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश।

संवाददाता: आशीष सिंह
रोहनिया /वाराणसी
काशी क्षेत्र के प्रसिद्ध एक माह तक चलने वाले सावन मास मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल बुधवार को पंचकोशी यात्रा के तृतीय पड़ाव तीर्थस्थल रामेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में भगवान का जलाभिषेक एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर अन्य देवालयों में भी दर्शन किए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने रामेश्वर धाम परिसर, वरुणा घाट तथा वरुणा नदी में फैली जलकुंभी और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य पं. अन्नू तिवारी, जगापट्टी के प्रधान घनश्याम सिंह यादव एवं स्थानीय लोगों से मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता कर मंदिर परिसर, धर्मशालाओं और बाजार क्षेत्र की साफ-सफाई, वरुणा नदी से जलकुंभी हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं जर्जर पुल की मरम्मत, बंद हाईमास्ट व सोलर लाइट चालू कराने तथा बिजली, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान आचार्य पं. अन्नू तिवारी और प्रधान घनश्याम सिंह यादव ने कांवरियों से कथित वसूली पर रोक लगाने तथा उनके लिए निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। विधायक ने जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह और रामेश्वर चौकी प्रभारी आदित्य सेन सिंह से भी चर्चा कर सावन मेले के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, राहुल सिंह, त्रिभुवन मौर्य, रविन्द्र पटेल, गोबिंद पटेल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




