रामनगर विकासखंड में ग्राम रोजगार सेवकों ने किया कलम बंद हड़ताल, कई महीने से नहीं मिला मानदेय , मानदेय वृद्धि को लेकर बीडीओ को सौंपा ज्ञापन।

रामनगर/जौनपुर
बता दे की उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के दिनांक 16 /4 /2026 से 25 /4/2026 तक विकासखंड रामनगर में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय भुगतान और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर सोमवार को कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी। सभी रोजगार सेवकों ने ब्लॉक मुख्यालय पर एकजुट होकर प्रदर्शन किया और खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
रोजगार सेवकों का आरोप है कि उन्हें पिछले कई महीने से मानदेय नहीं मिला है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। सेवकों ने कहा कि मनरेगा योजना की रीढ़ माने जाने वाले रोजगार सेवक ही जॉब कार्ड बनाने, मस्टररोल भरने, मजदूरी भुगतान और ऑनलाइन फीडिंग जैसे सभी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। बावजूद इसके शासन-प्रशासन उनकी मांगों को अनदेखा कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें हैं: रुका हुआ मानदेय तत्काल जारी किया जाए, मासिक मानदेय को बढ़ाया जाए, सेवा को नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और ईपीएफ-बीमा का लाभ मिले।
हड़ताल के कारण ब्लॉक में मनरेगा से जुड़े सभी कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। जॉब कार्ड सत्यापन, नए पंजीकरण और मजदूरों की हाजिरी का काम बंद होने से ग्रामीण श्रमिकों को भी परेशानी हो रही है।
रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा और जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी ने ज्ञापन लेकर उच्चाधिकारियों को भेजने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। फिलहाल ब्लॉक में कामकाज प्रभावित है और ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।




