गोकशी और गो-तस्करी पर रामपुर पुलिस सख्त, पुराने आरोपियों का होगा सत्यापन सावन माह को देखते हुए पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, थानों में पुराने गोकशी करने वालों की तैयार होगी सूची।

संवाददाता: शारिक खान
रामपुर
सावन माह के पवित्र पर्व को देखते हुए रामपुर पुलिस ने गोकशी और गो-तस्करी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अनिल सिसोदिया ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि पूर्व में गोकशी या गो-तस्करी के मामलों में संलिप्त रहे लोगों का सत्यापन कराया जाए और उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।
निर्देशों के तहत प्रत्येक थाना क्षेत्र में ऐसे पुराने आरोपियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस यह भी सुनिश्चित करेगी कि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने अथवा प्रतिबंधित गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास न कर सके।
सावन माह के दौरान धार्मिक भावनाओं को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सूचना तंत्र को सक्रिय रखने तथा गोकशी से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोकशी और गो-तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर पुलिस टीमों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सावन माह के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशन में पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई की जाएगी।




